अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक दिवस पर सुशील शर्मा ‘अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक रत्न’ मानद उपाधि से सम्मानित
शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन, नेपाल द्वारा शिक्षा एवं साहित्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान
गाडरवारा!
विगत दिवस 5 अक्टूबर 2025 विश्व शिक्षक दिवस के अवसर पर नेपाल की प्रतिष्ठित संस्था “शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन” द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय समारोह में भारत के प्रख्यात शिक्षाविद्, कवि एवं साहित्यकार सुशील शर्मा को उनकी बहुआयामी साहित्यिक, शैक्षिक एवं सृजनात्मक उपलब्धियों के लिए “अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक रत्न” मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।
यह समारोह लुंबिनी–५ नेपाल से ऑनलाइन संपन्न हुआ, जिसमें नेपाल सहित विभिन्न देशों के शिक्षाविद्, लेखक और भाषा विशेषज्ञ उपस्थित थे। संस्था के अध्यक्ष आनन्द गिरि मायालु ने सम्मान पत्र प्रदान करते हुए कहा कि
सुशील शर्मा ऐसे शिक्षाविद् हैं जिन्होंने शिक्षा को केवल पेशा नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाया है। उनके लेखन में मानवीय संवेदनाएँ, अध्यात्म, संस्कृति और शिक्षण की सार्थकता का अद्भुत समन्वय है।”
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि विश्व शिक्षक दिवस का उद्देश्य केवल शिक्षकों के योगदान को नमन करना नहीं, बल्कि शिक्षा, भाषा और संवाद के माध्यम से विश्व बंधुत्व की भावना को सशक्त करना भी है।
ऑनलाइन समारोह में सम्मान ग्रहण करते हुए सुशील शर्मा ने कहा
“यह सम्मान मेरे जीवन के प्रत्येक उस शिक्षक, छात्र और सहयोगी को समर्पित है, जिन्होंने मुझे सीखने और सिखाने की प्रेरणा दी। यह केवल मेरी उपलब्धि नहीं, शिक्षा और साहित्य में निहित उस निष्ठा का प्रतीक है जो समाज निर्माण का आधार है।”
सुशील शर्मा पिछले चार दशकों से शिक्षा एवं साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने अब तक उनतीस पुस्तकों की रचना की है, जिनमें ‘गोविंद गीत’, ‘आधुनिक बुद्ध ओशो’, ‘मानस के राम’, ‘धर्म क्षेत्र कुरुक्षेत्र’ जैसी कृतियाँ विशेष रूप से चर्चित रही हैं। उनके लेखन में अध्यात्म, दर्शन, मानवीय करुणा और समकालीन समाज की गहराई झलकती है।
संस्था ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर सृजनशीलता की मंगलकामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आने वाले वर्षों में शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेंगे।
समारोह के समापन पर शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन नेपाल की ओर से यह घोषणा की गई कि भविष्य के आयोजनों में भी सुशील शर्मा की सहभागिता संस्था के लिए गौरव का विषय होगी।
