सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने की योजनाओं की समीक्षा
आवंटित रेत खदानों की सीमा चिह्नित करने के सांसद ने दिए निर्देश
गन्ना उत्पादक किसानों एवं शुगर मिलों के साथ बैठ कर मूल्य निर्धारण के लिए किया निर्देशित
नरसिंहपुर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद दर्शन सिंह चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के साथ हुई। इसके पश्चात दो मिनिट का मौन धारण कर शहीद हॉक फोर्स के इंस्पेक्टर श्री आशीष शर्मा को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान तेंदुखेडा विधायक विश्वनाथ सिंह गोटेगांव विधायक महेंद्र नागेश जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति काकोड़िया जिला कलेक्टर रजनी सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारीयों एवं जिला विकास समन्वय निगरानी समिति (दिशा) के सदस्य मौजूद थे।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत में सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं तभी सफल होंगी जब उनका लाभ अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। सांसद ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए जिले में निर्माणाधीन विद्यालयों के भवनों की जानकारी ली। शेष निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) द्वारा खनन जन के कल्याण के लिए किए जा कार्यों की जानकारी लेते हुए सांसद ने कहा कि जिले में आवंटित रेत खदानों की सूची सार्वजनिक करते हुए खदानों के सीमा चिन्हित की जावे। नर्मदा मैया में मशीनों से रेत खनन न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने गन्ना उत्पादक किसानों एवं शुगर मिलो के साथ बैठक कर गन्ना के मूल्य निर्धारण करने के लिए जिला कलेक्टर को निर्देशित किया। कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए किसानों को खाद वितरण की व्यवस्था और बेहतर की जाए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और उर्वरकों के वैज्ञानिक उपयोग से उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किए जाएं। जल संसाधन विभाग की समीक्षा करते हुए जिले की सिंचाई परियोजनाओं की जानकारी ली। इसमें लघु जलाशयों के साथ दूधी सिंचाई परियोजना, चिंकी बोरास बरांझ परियोजना, शक्कर नदी परियोजना के विकास के साथ नहरो के वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।
विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए सांसद दर्शन सिंह ने किसानों को कृषि कार्य के लिए 10 घंटे विद्युत प्रदान करने, ओवरलोड ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि करने किसानों को सीजन पर समस्या न हो इसलिए समय पर जले ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर को रखने के लिए विभाग को निर्देशित किया। उद्योग विभाग द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) की जानकारी दी गई। श्री चौधरी ने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के प्रति प्रोत्साहित किया जाए और योजनाओं का प्रचार-प्रसार ग्राम स्तर तक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी इससे जुड़ सकें। अन्य विभागों की समीक्षा बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग पशुपालन एवं डेयरी विभाग, युवा मामले एवं खेल, जिला सहकारी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कौशल विकास उद्यमिता विभाग, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, एनटीपीसी, सामाजिक न्याय विभाग, लघु एवं उद्यम उद्यम विभाग, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन, इलेक्ट्रॉनिक सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग, श्रम विभाग, भू अभिलेख, वन विभाग, आवास एवं शहरी मामले आदिम जाति कल्याण विभाग सहित 31 विभागों की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि चल रहे कार्य समय-सीमा में पूर्ण हों और जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक के अंत में सांसद ने कहा कि जिले की विकास योजनाओं को गति देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को जनता से संवाद बनाए रखने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए।