देवरीकलां। भगवती मानव कल्याण संगठन देवरी ने थाना प्रभारी देवरी को ज्ञापन सौंपकर गांव-गांव में बिक रही अवैध शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने बताया कि वे परमहंस शक्तिपुत्र महाराज के निर्देशन में नशा मुक्ति, मांसाहार मुक्ति और जनजागरण अभियान चला रहे हैं, किंतु शराब माफियाओं के कारण समाज में अपराध और घरेलू हिंसा बढ़ रही है।
इसी कड़ी में ग्राम चिरचिटा में शुक्रवार को ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से शराब विक्रय और सेवन पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। बैठक में तय हुआ कि 12 सितंबर से गांव में कोई भी व्यक्ति शराब का सेवन या बिक्री नहीं करेगा। उल्लंघन करने वालों पर शराब बेचने पर 11 हजार रुपए और शराब पीने या गाली-गलौज करने पर 5100 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माना न भरने पर संबंधित व्यक्ति को गांव से निष्कासित किया जाएगा।इस मौके पर सरपंच भगवती रानी, अरविंद दीक्षित, पुरुषोत्तम बेस, कृष्ण कुमार, मुन्ना सिंह लोधी, किरण, भूरी बाई, संतोषी बाई, चंद्र रानी, कल्पना, संध्या रानी, भारती, लक्ष्मी रानी, सरोज समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।