चीचली के बर्तन निर्माताओं के अनुरोध से केंद्रीय मंत्री को कराया अवगत
नई दिल्ली संसद भवन स्थित वित्त मंत्रालय कार्यालय में मंगलवार को लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने केंद्रीय वित्त मंत्री से अपनी लोकसभा क्षेत्र की मांगों से अवगत कराते हुए कहा कि हमारे लोकसभा क्षेत्र के गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र में चीचली है जो प्रदेश में पीतल नगरी के नाम से जाना जाता है। यहां कुछ ऐसे खास बर्तन बनाए जाते हैं। जो दुनिया में और कहीं नहीं बनाए जाते। यहां के कलाकारों की सदियों पुरानी कला को सरकार यदि सहयोग करे तो मध्य प्रदेश की यह पीतल नगरी भी अपनी चमक दुनिया में बिखेर सकती है। यहां के कारीगरों ने व्यापार संघ के माध्यम से पीतल स्क्रैप को 5% GST स्लैब में रखने के लिए आग्रह किया है। पीतल स्क्रैप कई छोटे और मध्यम उद्यमों (MSMEs) के लिए एक महत्वपूर्ण कच्चा माल है। 5% स्लैब से इन उद्योगों को प्रतिस्पर्धी बने रहने में मदद मिलेगी। पीतल बर्तनों का निर्माण पीतल स्क्रैप को गलाने के बाद ही होता है। पीतल स्क्रैप को सरकार ने 18 प्रतिशत के स्लैब में रखा है। बर्तन और पीतल स्क्रैप में 13 प्रतिशत का अंतर होने से इस 13 प्रतिशत क्रेडिट रिफंड को वापस प्राप्त करने में कठिनाई है। बर्तन निर्माताओं के पास इतना पैसा नहीं रहता कि वे लाखों रूपया जीएसटी में जमा कर सकें। बर्तन निर्माताओं के अनुरोध को दृष्टिगत रखते हुए। पीतल धातु स्केप को भी जीएसटी के 5 प्रतिशत स्लैब में रखे जाने अथवा प्रत्येक तिमाही (हर तीन माह में) इनपुट क्रेडिट रिफंड वापस कराये जाने हेतु विनम्र आग्रह किया।