उपलब्धिपूर्ण : राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर लहराएगा गाडरवारा का परचम..
राष्ट्रीय अंडर-19 व्हालीबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा गाडरवारा..
अशोक विश्वकर्मा/ गाडरवारा! प्रदेश के संवेदनशील परिवहन व स्कूल शिक्षा मंत्री एवं गाडरवारा के विकास के पुरौधा, जनप्रिय विधायक माननीय उदय प्रताप सिंह जी की अगुआई में उपलब्धियों के सफर में निरंतर गाडरवारा के हिस्से में एक और बड़ी उपलब्धि आई है। खेल के क्षेत्र में गाडरवारा का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय फलक पर होगा। आगामी 13 नवम्बर से 17 नवम्बर 2025 तक नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में राष्ट्रीय अंडर-19 व्हालीबॉल प्रतियोगिता के आयोजन की मेजबानी गाडरवारा करेगा।
गत वर्ष राष्ट्रीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता के बाद गाडरवारा को पुनः मिले इस बड़े और उपलब्धिपूर्ण अवसर में यहाँ होने वाले राष्ट्रीय स्तर की इस खेल प्रतियोगिता का आयोजन भव्य तरीके से किया जाएगा। जिसे लेकर बैठकों का दौर जारी है। जिन राज्यों में यह प्रतियोगिता आयोजित हुई हैं, उनके अनुभवों के आधार पर इसे और बेहतर तरीके से आयोजित करने का संकल्प है। प्रयास होगा कि यह प्रतियोगिता अन्य राज्यों में अब तक हुई प्रतियोगिताओं से भी बेहतर हों। आयोजन की अच्छी व्यवस्था के साथ ही ओशो भूमि गाडरवारा में देशभर से आने वाले खिलाड़ियों और लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके आयोजन से यहां के लोगों का मनोबल और प्रोत्साहन बढ़ेगा और ज़िले को एक अच्छा मंच भी मिलेगा। प्रतियोगिता का आयोजन गाडरवारा के हृदय स्थल रुद्र मैदान में किया जायेगा।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रत्येक राज्य से चयनित खिलाड़ियों सहित कोच, रैफरी एवं मैनेजर शामिल रहेंगे। जिनकी बेहतर से बेहतर आवागमन, भोजन, आवास एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं प्रशासनिक स्तर पर योजनाबद्ध तैयारियां की जा रही हैं। रुद्र मैदान में देशभर के खिलाड़ी स्वतंत्र भाव से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें, इस हेतु विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता मैं आने वाले खिलाड़ियों के सत्कार में अभूतपूर्व इतिहास रचने वाले गाडरवारा शहरवासी पुनः पलक पांवड़े बिछाकर राष्ट्रीय व्हालीबॉल प्रतियोगिता में आने वाले प्रतिभागियों का सत्कार करने उत्सुक हैं।
ढांचागत विकास सिर्फ शरीर को संवारना है। किसी भी क्षेत्र के खेल, संस्कृति और रचनात्मकता का विकास उसकी आत्मा को संवारना है। स्थानीय प्रतिभाओं को सशक्त प्लेटफार्म देने हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र का सर्वोन्मुखी विकास हमारी प्राथमिकता और प्रतिबद्धता है। पुनः राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा की मेजबानी बड़ी उपलब्धि है – उदय प्रताप सिंह
