नरसिंहपुर
दीपावली के शुभ अवसर पर नरसिंहपुर पुलिस ने एक परिवार को बड़ी खुशखबरी दी है। पुलिस ने लगभग डेढ़ वर्ष से लापता महिला और उसकी अबोध बच्ची को केरल के त्रिसुर जिले से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों से मिलाया। परिवार के पुनर्मिलन से घर में खुशियों का माहौल बन गया और सभी की आँखों में खुशी के आँसू झलक उठे।
जानकारी के अनुसार, सालीचौका चौकी, थाना गाडरवारा में एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि उसकी मानसिक रूप से विक्षिप्त पत्नी अपनी छोटी बच्ची के साथ घर से लापता हो गई है। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर 5 जुलाई 2024 को गुम इंसान रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने इसे प्राथमिकता में लिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी गाडरवारा श्री रत्नेश मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, टेलीग्राम, व्हाट्सएप ग्रुप्स और अन्य माध्यमों के जरिए देशभर में महिला और बच्ची की तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप गुमशुदा महिला और बच्ची के केरल राज्य के त्रिसुर जिले में होने की जानकारी मिली। तत्पश्चात पुलिस टीम तत्काल केरल रवाना हुई और दिनांक 16 अक्टूबर 2025 को शासकीय महिला मंदिरम, रामावरमपुरम, त्रिसुर से दोनों को सकुशल दस्तयाब किया गया।
संपूर्ण कानूनी प्रक्रिया के बाद दोनों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। इस मानवीय और संवेदनशील पहल से परिवार में दीपावली से पूर्व खुशियाँ लौट आईं।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी गाडरवारा निरीक्षक विक्रम रजक, चौकी प्रभारी सालीचौका उप निरीक्षक वर्षा धाकड़, प्रधान आरक्षक मनोज भारद्वाज, एवं आरक्षक जमना प्रसाद रजक की विशेष भूमिका रही।
नरसिंहपुर पुलिस की इस संवेदनशील एवं मानवीय कार्यवाही ने पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक बढ़ाया किया है।
(