पद्मश्री सूफी गायक कैलाश खेर के गीतों ने बांधा समा
गाडरवारा। बीते सोमवार की रात्रि नगर के रूद्र मैदान पर 69 वीं राष्ट्रीय शालेय व्हालीबॉल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर देर रात्रि तक पद्मश्री सूफी गायक कैलाश खेर ने विभिन्न गानों की शानदार संगीतमय प्रस्तुति देकर माहौल क़ो संगीतमय बना दिया । इस दौरान प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत,प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह, राज्य सभा के पूर्व सांसद कैलाश सोनी, भाजपा जिला अध्यक्ष रामसनेही7 पाठक, पूर्व विधायक नरेश पाठक, साधना स्थापक, नपा अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, जिले की कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ ऋषिकेश मीणा सहित सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रस्तुति के दौरान गायक कैलाश खेर ने कहा कि गाडरवारा शहर ओशो रजनीश, महर्षि योगी एवं फ़िल्म अभिनेता आशुतोष राणा की कर्मभूमि हैं। यहाँ माँ नर्मदा का हर कंकड़ ही शंकर हैं। उन्होंने कहा कि वे 2006 से कार्यक्रम प्रस्तुत करते आ रहे हैं।

कैलाशा बैंड कुछ ही वर्षो पूर्व तैयार किया गया है। कार्यक्रम में उन्होंने अपनी आवाज में “कौन है बो… कौन है बो… कहा से बो आया…”, “जय- जय कारा, स्वामी देना साथ हमारा…” गीत की शानदार प्रस्तुति देकर समा बाँध दिया। उनके द्वारा भगवान शिव की आराधना वाले गीत बम लहरी की नृत्य एवं डमरू के साथ मनभावन प्रस्तुति दी जिसे सुनकर दर्शक भी झूम उठे। श्री खैर ने अपने गानो पर मंच एवं उसके आसपास दर्शकों क़ो भी नृत्य करने के लिए बुलाया। उन्होने तेरी दीवानी गीत के माध्यम से भी धूम मचा दी। उनके द्वारा प्रस्तुत लोकप्रिय गीत अल्लाह के बंदे,हँस दे अल्लाह के बंदे ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्री खैर ने पूरे आयोजन में कैसे बताये–, ये री सखी मंगल गाओ री, सैयां आदि विभिन्न गानों की शानदार प्रस्तुति दी।कर्यक्रम का मंच संचालन मिनेन्द्र डागा ने किया।

विदित हो कि नगर में कई वर्षो पूर्व आयोजित गायक सोनू निगम नाइट के बाद ये सबसे बड़ा आयोजन था जिसमे हजारों की संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम एवं यातायात व्यवस्थाओ को चाक चौबंद बनाये रखने में प्रशासन एवं पुलिस व्यवस्था सराहनीय रही। उल्लेखनीय हैं कि गत वर्ष भी राष्ट्रीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता में प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास के कार्यक्रम में भी रूद्र मैदान खचाखच भरा था।
