oplus_8519682
नरसिंहपुर जिला पुलिस ने स्मैक का बड़ा तस्कर किया गिरफ्तार, 50 ग्राम स्मैक जप्त
गिरफ्तार आरोपी के संगठित तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते है तार
नरसिंहपुर देशबन्धु। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में चल रहे अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्यवाही करते हुए मादक पदार्थों की सप्लाई में संलिप्त व्यक्तियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ जप्त किए गए। डॉ मीना के नरसिंहपुर जिले में पदस्थ होने के बाद मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही हो रही है। इसी क्रम में ऑपरेशन ईगल क्ला में नरसिंहपुर पुलिस ने सफलता प्राप्त करते हुए थाना ठेमी अंतर्गत स्मैक का बड़ा तस्कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ऋषिकेश मीना ने बताया कि आरोपी लाखन सिंह पटेल निवासी ग्राम रहली, थाना गोटेगांव से 50 ग्राम स्मैक (अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत ₹5 लाख अनुमानित) जप्त की है। आरोपी पर धारा 8-ए (सी) 21 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकार्ड है। आरोपी लाखन सिंह पटेल पर पूर्व से एक आबकारी एक्ट एवं दो प्रकरण एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है। डॉ मीना न बताया कि आरोपी की पुलिस रिमांड़ लेकर पूछताछ की जा रही है। पत्रकारवार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया, थाना थाना ठेमी थाना प्रभारी प्रीति मिश्रा मौजूद रहीं।
उक्त कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया, अनु अधिकारी पुलिस, गोटेगांव मनीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ठेमी, निरीक्षक प्रीति मिश्रा, सउनि राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक अवधेश पटेल, आरक्षक चंद्रप्रताप पटेल, सिद्धार्थ मिश्रा की मुख्य भूमिका रही है।
20 दिन में बड़ी कार्रवाई
नरसिंहपुर जिला पुलिस द्वारा असमाजिक तत्वों एवं मादक पदार्थों के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 26.8.25 से 15.9.2025 तक की गयी कुल कार्यवाही में स्मैक के कुल प्रकरण 15 में 20 आरोपियो से 165 ग्राम स्मैक जप्त की गई। जिसकी कीमत लगभग ₹ 16 लाख 57 हजार है। वहीं गांजा के कुल 4 प्रकरण में 5 आरोपियों से 6 किलोग्राम गांजा जप्त किया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही में आरोपियों से 3 मोटरसाईकिलें भी जप्त की गयी है। साथ ही अवैध शराब के 182 प्रकरण में 187 आरोपियो पर कार्रवाई कर 1432 लीटर अवैध शराब जप्त हुई। आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही में आरोपियों से 2 कार 2 मोटरसाईकिलें भी जप्त की गयी है। इसके अलावा
अवैध हथियार के 6 प्रकरण में 8 लोगों से 5 देशी पिस्टल 6 जिंदा कारतूस एवं 4 धारदार हथियार जप्त किए गए।
आमजन से अपील
पुलिस अधीक्षक डॉ ऋषिकेश मीना ने कहा है कि अपराध नियंत्रण और अपराधियों तक पहुंचाने के लिए सभी का रचनात्मक सहयोग भी जरूरी है। साथ ही छात्रों युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए। हमारी प्राथमिकता है कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहे। आपने अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों की जानकारी हो, तो कृपया तुरंत निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। अपने बच्चों एवं आसपास पर भी नजर रखें।
देशबन्धु नीलेश जाट