कलयुग के श्रेष्ठ आराध्य श्री हनुमानजी और माँ नर्मदा जी
नरसिंहपुर। बरिया वाले हनुमान मंदिर परिसर में विगत दिवस नरसिंह वरिष्ठ जन परिषद के वरिष्ठ सदस्य, प्रतिष्ठित अधिवक्ता, समाजसेवी तथा खुशमिजाज एवं मददगार व्यक्तित्व के धनी बी.के. हरिश्चंद्र अग्रवाल का सम्मान समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। अग्रवाल ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के राजयोग साधक भी हैं।
आयोजन की शुरुआत आध्यात्मिक सत्संग, भजन एवं हनुमान चालीसा पाठ से हुई। इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ सदस्यों ने अग्रवाल को तिलक, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा समाज सेवा में प्रेरणादायक भूमिका बनाए रखने की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।
कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रेमशंकर राघव, परिषद अध्यक्ष जी.के. चतुर्वेदी सहित अनिल राय (पेंशनर समाज), बी.एस. पटेल, सी.बी. शर्मा, आर.पी. राय, विनोद तिवारी बन्धु, छत्रपाल सिंह कोरी, अशोक कुमार नेमा, जी.एस. नागवंशी, एस.के. उपाध्याय, बी.पी. शर्मा, डॉ. महेश प्रसाद त्रिपाठी, यू.एस. उपाध्याय एवं डी.डी. गोस्वामी ने अग्रवाल के जनहितैषी योगदान और सहयोग भावना की सराहना की।
अपने उद्बोधन में अग्रवाल ने व्यास गद्दी से कहा— “ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय आध्यात्मिक जागृति एवं संस्कार आधारित समाज निर्माण में अमूल्य योगदान दे रहा है।”उन्होंने विशेष रूप से कहा—कलयुग के श्रेष्ठ आराध्य श्री हनुमानजी एवं माँ नर्मदा जी — शक्ति, साहस, पवित्रता और कल्याण के अनंत स्रोत हैं।”
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अरुण कुमार खरे, आर.डी. वर्मा, केदार गुप्ता, के.आर. नामदेव, प्रभात राय, रूप कुमार सोनी, दिनेश कुमार श्रीवास्तव, मुकेश कुमार दुबे , प्रमोद जैन सहित अनेक वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन सी.बी. शर्मा तथा आभार प्रदर्शन ऋषि कुमार महोबिया द्वारा किया गया।
अंत में नक्सली मुठभेड़ में ग्राम बोहानी के शहीद हुए हॉक फोर्स के इंस्पेक्टर आशीष शर्मा को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।