नरसिंहपुर। नरसिंह वरिष्ठ जन परिषद के तत्वावधान में स्थानीय बरिया वाले हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित दैनिक रामचरितमानस एवं श्रीमद्भागवत गीता सत्संग का विगत दिवस विधिवत एवं गरिमामय वातावरण में समापन हुआ।
सत्संग में गीता कथा वाचक श्री मोतीलाल पटेल (मुराच वाले) ने व्यास गद्दी से बोलते हुए गीता के अष्टम अध्याय ‘अक्षर ब्रह्म योग’ पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान ने अपने अक्षर ब्रह्म स्वरूप परमात्मा के चिंतन व ध्यान की दिव्य युक्ति बताई है, जिसे मानव अपने शरीर के माध्यम से योगयुक्त होकर समझ सकता है। इस मार्ग पर चलकर व्यक्ति अपने जीवन को सफल बनाते हुए अंततः मोक्ष की प्राप्ति कर सकता है।

सत्संग सभा को विद्वान वक्ता श्री सी.बी. शर्मा, डॉ. महेश त्रिपाठी, श्री जी.के. चतुर्वेदी, कविवर श्री अशोक त्रिपाठी, विजय पटेल, विनोद दुबे एवं श्री एमजी. शर्मा ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने निष्काम कर्म अर्थात फल की इच्छा किए बिना कर्म करने के सिद्धांत को जीवन में अपनाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से डॉ. केदार गुप्ता, बीएस. पटेल, जीएस. नागवंशी, विनोद तिवारी बंधु, अरुण कुमार खरे, रामनारायण पटेल (रामाश्री), जनक सिंह पटेल, अनिल राय, दिनेश कुमार श्रीवास्तव, धनवती तिवारी सहित अनेक वरिष्ठजन एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का धन्यवाद एवं आभार प्रदर्शन श्री ऋषि कुमार महोबिया द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में नक्सली मुठभेड़ में ग्राम बोहानी के वीर शहीद हॉक फोर्स इंस्पेक्टर श्री आशीष शर्मा को दो मिनट का मौन रखकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें अंतिम नमन किया गया।